
केदारनाथ : केदारनाथ धाम में लगातार तीसरे दिन हुई भारी बर्फबारी से पूरी केदारपुरी चारों ओर से सफेद चादर में ढक गई है। मंगलवार और बुधवार की रातभर हुई बर्फबारी के बाद दिनभर जवान बर्फ हटाने में जुटे रहे, ताकि आवासीय कॉटेज और अन्य परिसरों को सुरक्षित रखा जा सके।
कठिन परिस्थितियों और शून्य से नीचे तापमान के बावजूद सुरक्षा बल पूरी मुस्तैदी के साथ दोहरी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। एक ओर वे तीर्थस्थल की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए हुए हैं, वहीं दूसरी ओर आवासीय परिसरों, बैरकों और संपर्क मार्गों से भारी मात्रा में जमी बर्फ हटाकर आवाजाही और आपातकालीन सेवाओं को सुचारू बनाए रखने में लगे हैं।
जब बर्फबारी के कारण आवासीय क्षेत्रों और मार्गों पर आवागमन बाधित हुआ, तो जवानों ने फावड़ों की मदद से कई घंटों तक लगातार बर्फ हटाने का कार्य किया। कम ऑक्सीजन और अत्यधिक ठंड जैसी प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद जवानों का मनोबल ऊंचा बना हुआ है।
ऊखीमठ-चोपता-मंडल मार्ग फिर खुला
भारी बर्फबारी के चलते ऊखीमठ–चोपता–मंडल मोटर मार्ग बंद हो गया था, जिसे अब बर्फ हटाकर यातायात के लिए फिर से सुचारू कर दिया गया है। इसके साथ ही चिरबटिया और घिमतोली क्षेत्र में भी मार्ग से बर्फ हटा दी गई है, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है।
लगातार हो रही बर्फबारी के बीच जवानों की मेहनत और समर्पण से केदारनाथ धाम में सुरक्षा और व्यवस्थाएं बनी हुई हैं, जो वाकई सराहनीय है।



