
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है। शहर और आसपास के इलाकों में इन दिनों धूप और बादलों की आंख-मिचौली जारी है।
सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस हो रही है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। लोगों को दिन में गर्मी का एहसास होने लगा है।
मैदानी जिलों में शुष्क मौसम, बढ़ती तपिश
प्रदेश के मैदानी इलाकों में पिछले कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। साफ आसमान और तेज धूप के कारण तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून जैसे जिलों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल कोई बड़ा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है, जिसके चलते मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर बना रहेगा।
पहाड़ों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात भी हो सकता है। हालांकि यह गतिविधियां सीमित क्षेत्रों तक ही रहेंगी और व्यापक ठंडक की संभावना फिलहाल नहीं है।
1 से 5 मार्च तक कैसा रहेगा मौसम?
पूर्वानुमान के मुताबिक 1 से 5 मार्च तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। मैदानी क्षेत्रों में चटक धूप के चलते तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि पहाड़ी इलाकों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि दिन और रात के तापमान में अंतर बना रहेगा, जिससे सुबह-शाम हल्की ठंडक और दिन में गर्माहट का सिलसिला जारी रहेगा।



