
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड के संकल्प को जमीनी स्तर पर मजबूती देने के लिए देहरादून नगर निगम ने एक अहम पहल की है। नगर निगम द्वारा शहर में ऑटोमेटिक प्लास्टिक बॉटल क्रैशर मशीन की शुरुआत की गई है। बृहस्पतिवार को नगर निगम परिसर के बाहर मेयर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त नमामि बंसल ने शहर की पहली ऑटोमेटेड प्लास्टिक बोतल क्रैशर मशीन का उद्घाटन किया।
नगर निगम की ओर से यह मशीन शहर के प्रमुख स्थानों पर लगाई जाएगी, जिनमें पर्यटक स्थल, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, शैक्षणिक संस्थान, पार्क, सरकारी भवन और मुख्य चौराहे शामिल हैं। इसका मुख्य उद्देश्य सिंगल यूज प्लास्टिक के बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण करना और प्लास्टिक कचरे से उपयोगी वस्तुएं तैयार करना है।
रिसाइक्लिंग से बनेंगी उपयोगी वस्तुएं
इस मशीन के माध्यम से एकत्रित प्लास्टिक बोतलों को मनसा फैसिलिटी एंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा रिसाइकिल किया जाएगा। इससे प्राप्त रॉ मैटेरियल को नगर निगम सीधे खरीदेगा और उससे टेबल, कुर्सी, फ्लावर पॉट, सजावटी शोपीस जैसी उपयोगी वस्तुएं बनाकर शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर इस्तेमाल करेगा।
PPP मोड पर संचालित होगी मशीन
नगर आयुक्त नमामि बंसल ने बताया कि यह मशीन पीपीपी मोड के तहत संचालित की जा रही है। फिलहाल कुछ स्थान चिन्हित कर लिए गए हैं और मशीन के फीडबैक के आधार पर इसे अन्य स्थानों पर भी लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल सिंगल यूज प्लास्टिक के सही निस्तारण में मील का पत्थर साबित होगी।
प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड की दिशा में बड़ा कदम
मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि इस मशीन की शुरुआत से प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड अभियान को नई गति मिलेगी। नगर निगम सिंगल यूज प्लास्टिक से शहर को मुक्त कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है और यह पहल स्वच्छ देहरादून की दिशा में एक मजबूत कदम है।
नगर निगम की इस अभिनव पहल से न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि आम नागरिकों को भी प्लास्टिक के सही निस्तारण के लिए जागरूक और प्रेरित किया जाएगा। यह प्रयास देहरादून को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।



