उत्तराखंडक्राइमदेहरादून

देहरादून युवती हत्याकांड पर कांग्रेस का हमला: गणेश गोदियाल बोले— राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त

देहरादून | राजधानी देहरादून के मच्छी बाजार में दिनदहाड़े हुई युवती की निर्मम हत्या को लेकर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस घटना को राज्य की चरमराई कानून व्यवस्था का जीता-जागता उदाहरण बताते हुए कहा कि उत्तराखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

गणेश गोदियाल ने कहा कि जिस प्रकार राजधानी के मुख्य बाजार जैसे अत्यंत भीड़भाड़ वाले इलाके मच्छी बाजार में दिनदहाड़े युवती की गला काटकर हत्या की गई, उससे साफ हो गया है कि राज्य में भाजपा सरकार के तहत जंगलराज कायम हो चुका है। उन्होंने कहा कि घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर राजधानी की मुख्य कोतवाली स्थित है और इसके बावजूद इस तरह की जघन्य वारदात होना पुलिस की गंभीर विफलता को दर्शाता है।

महिला सुरक्षा पर सवाल, पुलिस पर गंभीर आरोप

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में महिला सुरक्षा पूरी तरह से भगवान भरोसे है। आम आदमी की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने में राज्य पुलिस हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी खुलेआम वारदात कर रहे हैं और पुलिस जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि पुलिस की निष्क्रियता और लापरवाही के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, जिससे आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र

गणेश गोदियाल ने पूर्व में हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि पुलिस आज तक इस मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने और वीआईपी का खुलासा करने में नाकाम रही है। इससे यह संदेह और गहरा होता है कि कहीं न कहीं अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है।

सरकार से की कड़ी कार्रवाई की मांग

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य सरकार से मांग की कि देहरादून युवती हत्याकांड के दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई की जाए तथा प्रदेश में कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button