उत्तराखंडक्राइमदेहरादून

तिब्बती मार्केट के सामने युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, प्रॉपर्टी विवाद में वारदात की आशंका

देहरादून। राजधानी देहरादून के व्यस्त तिब्बती मार्केट इलाके में बुधवार को दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आपसी विवाद और करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी को लेकर रंजिश इस हत्या की मुख्य वजह मानी जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो युवक स्कूटी से थाना डालनवाला क्षेत्र स्थित तिब्बती मार्केट के सामने पहुंचे और अर्जुन शर्मा को गोली मारकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए शहरभर में नाकेबंदी कर दी गई है।

टेनिस खेलकर घर लौट रहे थे अर्जुन शर्मा

पुलिस के मुताबिक अर्जुन शर्मा आईटीबीपी क्षेत्र के निवासी थे और जीएमएस रोड पर ‘अमर दीप’ नाम से भारत गैस एजेंसी के मालिक थे। वे रोजाना तिब्बती मार्केट के सामने परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आते थे। बुधवार को भी वे टेनिस खेलकर घर लौट रहे थे, तभी घात लगाए बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

करोड़ों की संपत्ति विवाद में हत्या की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी को लेकर पारिवारिक विवाद हो सकता है। पुलिस के अनुसार अर्जुन शर्मा और उनके भाई को उनकी मां ने संपत्ति से बेदखल कर रखा था, जिसको लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस इस एंगल से भी मामले की गहन जांच कर रही है।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, आरोपी फरार

घटना के बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा पुलिस कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button