उत्तराखंडक्राइमदेहरादून

बम धमकी के बाद कोर्ट के सभी गेट पर लगाए गए मेटल डिटेक्टर, कड़ी जांच शुरू

नैनीताल। उत्तराखंड में अदालतों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब अज्ञात ई-मेल आईडी से हाईकोर्ट को ड्रोन के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। जिला न्यायालय को भी इसी मेल के माध्यम से निशाना बनाए जाने की बात कही गई।

ड्रोन से हमले की चेतावनी

ई-मेल में इस बार ड्रोन के माध्यम से न्यायालय परिसर को उड़ाने की धमकी दी गई है, जिससे मामला और गंभीर हो गया। सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और जिला न्यायालय परिसर को तत्काल खाली कराया गया। जज चैंबर सहित पूरे परिसर में सघन जांच शुरू कर दी गई।

कड़ी की गई सुरक्षा व्यवस्था

सुरक्षा के मद्देनज़र जिला न्यायालय के सभी प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। पुलिस बल की संख्या बढ़ाई गई है और परिसर में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की तलाशी ली जा रही है। बाहरी व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है।

डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता लगातार परिसर की गहन जांच में जुटा है। गुरुवार को जिला जज प्रशांत जोशी ने स्वयं कोर्ट परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

इधर हाईकोर्ट परिसर में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। एसपी क्राइम नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा ने बताया कि बम डिस्पोजल स्क्वाड द्वारा पूरे परिसर की चेकिंग कराई जा रही है।

चार दिनों से लगातार धमकी

गौरतलब है कि पिछले चार दिनों से उत्तराखंड के विभिन्न जिला न्यायालयों को धमकी भरे ई-मेल मिल रहे हैं। इससे पहले नैनीताल, उत्तरकाशी, टिहरी और रुद्रप्रयाग जिला न्यायालयों को भी इसी तरह की धमकी मिली थी। हालांकि अब तक की जांच में कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

फिलहाल पुलिस साइबर टीम ई-मेल के स्रोत की जांच में जुटी है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button