
पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर पहुंचे, जहां उन्होंने जनता इंटर कॉलेज में नवनिर्मित स्कूल भवन के उद्घाटन समारोह में शिरकत की। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह अपने पैतृक गांव भ्रमण पर निकले, जहां स्थानीय बच्चों ने गीत गाकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
शुक्रवार अपराह्न करीब सवा तीन बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यमकेश्वर स्थित हेलिपैड पर पहुंचे, जहां जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद वे हेलिपैड से कुछ ही दूरी पर स्थित यमकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और करीब 10 मिनट तक पूजा-अर्चना की।
पूजा के पश्चात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ दोपहर 3:34 बजे जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर पहुंचे, जहां उन्होंने नवनिर्मित विद्यालय भवन का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विद्यार्थियों को अब एक भव्य और आधुनिक भवन उपलब्ध हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक माह के भीतर छात्र-छात्राओं के लिए फर्नीचर सहित अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध करा दी जाएंगी, ताकि पढ़ाई का बेहतर माहौल बन सके।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अपने पैतृक गांव में प्रवास पर रहे और शनिवार सुबह गांव भ्रमण पर निकले। इस दौरान ग्रामीणों और बच्चों से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।



