उत्तराखंडपर्यटन

लंबी छुट्टियों में पर्यटकों से गुलजार हुई मसूरी, सैलानियों की भीड़ से लौटी रौनक; घंटों जाम में फंस रहे लोग

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के बाद बढ़ा पर्यटकों का दबाव, पार्किंग और पुलिस बल की कमी बनी बड़ी चुनौती; प्रशासन ने 41 स्थान किए चिह्नित

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में नवंबर माह की लगातार मिल रही छुट्टियों के चलते पर्यटन कारोबार एक बार फिर रफ्तार पकड़ने लगा है। बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से होटल, रेस्टोरेंट और स्थानीय बाजारों में रौनक दिखाई दे रही है। इससे पर्यटन कारोबारियों और व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं, लेकिन पर्यटकों की बढ़ती भीड़ ने शहर की यातायात व्यवस्था को भी प्रभावित कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि सैलानियों को मसूरी पहुंचने के लिए कई-कई घंटे जाम में गुजारने पड़ रहे हैं। शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और पर्यटन स्थलों के आसपास वाहनों का दबाव बढ़ने से स्थानीय लोगों को भी आवाजाही में परेशानी हो रही है।

पर्यटकों की आमद से कारोबारियों में खुशी

स्थानीय निवासी गौरव अग्रवाल और अनिल सिंह अन्नु का कहना है कि नवंबर में पर्यटकों की अच्छी आमद से स्थानीय कारोबार को फायदा मिल रहा है। इससे होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी और अन्य व्यवसायों से जुड़े लोगों को रोजगार के अवसर मिलते हैं। हालांकि, उनका कहना है कि पर्यटन बढ़ने के साथ ही शहर की बुनियादी सुविधाओं और यातायात व्यवस्था को भी मजबूत करना जरूरी है।

एक्सप्रेसवे के बाद बढ़ा मसूरी में पर्यटकों का दबाव

स्थानीय लोगों के अनुसार दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद वीकेंड और लंबी छुट्टियों में मसूरी पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ऐसे में सरकार, जिला प्रशासन और पुलिस को आपसी समन्वय से यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। स्थानीय लोगों ने पार्किंग की समस्या को शहर की सबसे बड़ी चुनौती बताया। उनका कहना है कि यदि समय रहते पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले समय में पर्यटकों की बढ़ती संख्या के साथ मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

पुलिस बल की कमी से यातायात संभालना चुनौती

मसूरी व्यापार मंडल के महामंत्री जगजीत कुकरेजा ने कहा कि शहर में पुलिस बल की कमी के कारण वीकेंड और लंबी छुट्टियों के दौरान यातायात संभालना मुश्किल हो जाता है। विशेष अवसरों पर प्रशासन को पहले से योजना बनाकर पर्याप्त पुलिस बल और सक्षम अधिकारियों की तैनाती करनी चाहिए। इस बार अपेक्षित व्यवस्थाएं नहीं होने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि पर्यटक मसूरी घूमने और सुकून के पल बिताने आते हैं, लेकिन यदि उन्हें घंटों जाम में फंसे रहना पड़े तो वे अच्छी यादों के बजाय परेशानी लेकर लौटते हैं। इसका असर शहर की पर्यटन छवि पर भी पड़ सकता है।

भीड़ के बावजूद यातायात सुचारू रखने का प्रयास

मसूरी कोतवाल नरेंद्र सिंह गहलावत ने बताया कि इस बार शहर में पर्यटकों की अप्रत्याशित भीड़ उमड़ रही है। इसके बावजूद पुलिस के सभी जवान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में जुटे हैं। जाम लगने की स्थिति में उसे खुलवाने और वाहनों की आवाजाही सामान्य करने में करीब 15 से 20 मिनट का समय लग रहा है।

उन्होंने कहा कि मसूरी की भौगोलिक परिस्थितियां, सीमित सड़कें और पर्याप्त पार्किंग का अभाव भी जाम की समस्या के प्रमुख कारण हैं। वाहनों की संख्या के मुकाबले पार्किंग की उपलब्धता कम होने से सड़कों पर दबाव बढ़ जाता है। इस समस्या के समाधान के लिए सरकार, जिला प्रशासन और पुलिस संयुक्त रूप से प्रयास कर रहे हैं।

पार्किंग निर्माण के लिए 41 स्थान चिह्नित

मसूरी में पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन की ओर से 41 स्थान चिह्नित किए गए हैं। नगर पालिका की ओर से पॉकेट पार्किंग और मोहल्ला पार्किंग विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इसके अलावा बड़े पार्किंग स्थलों के निर्माण की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

कोतवाल के अनुसार, मसूरी में पुलिस बल की कमी को लेकर उच्चाधिकारियों से लगातार बातचीत की जा रही है। जल्द ही पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि पर्यटन सीजन के दौरान विशेष यातायात योजना, पर्याप्त पुलिस तैनाती और पार्किंग सुविधाओं का विस्तार ही शहर को जाम की समस्या से राहत दिला सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button