
देहरादून। देहरादून में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही बीसीए की एक छात्रा की प्री-मेच्योर डिलीवरी के कुछ दिन बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा ऊधमसिंहनगर जिले के खटीमा क्षेत्र की रहने वाली थी और अपने ही क्षेत्र के एक युवक के साथ देहरादून में रह रही थी। बताया जा रहा है कि दोनों ने यूसीसी पोर्टल पर लिव-इन का पंजीकरण नहीं कराया था और न ही इसकी जानकारी उनके परिजनों को थी।
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया
जानकारी के अनुसार रविवार को छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसका प्रेमी उसे अस्पताल लेकर पहुंचा। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने सोमवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।
एक ही यूनिवर्सिटी में पढ़ते थे दोनों
इंस्पेक्टर पटेलनगर सीबीएस अधिकारी के अनुसार, खटीमा निवासी युवती सुभाषनगर स्थित एक यूनिवर्सिटी से बीसीए तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। वह अपने प्रेमी मनीष के साथ लिव-इन में रह रही थी, जिसने इसी यूनिवर्सिटी से बीएससी न्यूट्रीशन साइंस की पढ़ाई की है।
आठ महीने में हुई थी प्री-मेच्योर डिलीवरी
पुलिस के मुताबिक छात्रा गर्भवती थी और कुछ दिन पहले आठ महीने के गर्भ में सिजेरियन प्री-मेच्योर डिलीवरी हुई थी। नवजात शिशु को एनआईसीयू में भर्ती कराया गया है। डिलीवरी के बाद छात्रा अपने प्रेमी के साथ ही रह रही थी।
परिजनों को बाद में मिली जानकारी
रविवार को हालत ज्यादा बिगड़ने पर छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। बेटी की मौत की सूचना मिलते ही खटीमा से परिजन देहरादून पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
यूसीसी पोर्टल पर नहीं था पंजीकरण
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि लिव-इन रिलेशनशिप का यूसीसी पोर्टल पर पंजीकरण नहीं कराया गया था। साथ ही दोनों ने अपने-अपने परिजनों को भी साथ रहने की जानकारी नहीं दी थी। परिजनों को इसकी जानकारी तब मिली, जब छात्रा को डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



