उत्तराखंडसंस्कृति

ज्योतिर्मठ नगर पालिका भवन में नमाज पढ़ने का मामला सुलझा, भवन पर लगा ताला

ज्योतिर्मठ: नगर क्षेत्र ज्योतिर्मठ में नगर पालिका के भवन में नमाज पढ़े जाने का मामला प्रशासन ने सुलझा लिया है। प्रशासन के अनुसार अब मुस्लिम समुदाय के लोग अपने घरों में ही नमाज अदा करेंगे। वहीं नगर पालिका की ओर से संबंधित भवन पर ताला लगा दिया गया है।

वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा विवाद

बृहस्पतिवार को नगर पालिका भवन में नमाज पढ़ने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस पर कुछ संगठनों ने आपत्ति जताते हुए प्रशासन से शिकायत की थी। मामला बढ़ने पर नगर पालिका ने देर शाम बोर्ड बैठक आयोजित की।

बैठक में निर्णय लिया गया कि बिना विधिवत अनुमति के भवन का उपयोग नहीं किया जा सकता। इसके बाद भवन को बंद करने का फैसला लिया गया।

प्रशासन का बयान

एसडीएम ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि हॉल के उपयोग के लिए औपचारिक अनुमति नहीं ली गई थी। फिलहाल उस स्थान को बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय ने घरों में नमाज अदा करने पर सहमति जताई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नगर में शांति व्यवस्था कायम है और माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर नजर रखी जा रही है।

सत्यापन के निर्देश

ज्योतिर्मठ थाने को नगर में बाहरी व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी संस्था या एजेंसी के पास बिना सत्यापन के कर्मचारी पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निजी आवास पर अदा की गई जुमे की नमाज

विवाद के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज निजी आवासों पर अदा की गई। स्थानीय निवासियों ने कहा कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं और भाईचारे की परंपरा कायम है।

प्रशासन ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button