
देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मंगलवार से एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 17 फरवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। हालांकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
18 फरवरी को भी ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 18 फरवरी को भी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्के बदलाव के साथ इसी तरह की स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद 19 से 21 फरवरी तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में बदलाव के बावजूद तापमान में बहुत अधिक गिरावट की संभावना नहीं है।
मैदानों में बढ़ी गर्मी का अहसास
रविवार को मैदान से लेकर पहाड़ तक चटक धूप खिली रही, जिससे गर्मी का एहसास हुआ। दून में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक बढ़कर 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री अधिक 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश के अन्य इलाकों में भी तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया।



