
अल्मोड़ा : गर्मी के मौसम में जंगलों में लगने वाली आग से निपटने के लिए अल्मोड़ा जिला प्रशासन और वन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। फायर सीजन को देखते हुए जिले भर में 147 क्रू स्टेशन स्थापित किए गए हैं, जहां 550 फायर वाचरों की तैनाती की गई है।
इस वर्ष सर्दियों में अपेक्षित बारिश नहीं होने के कारण जिले के कई क्षेत्रों में अभी से जंगलों में आग की घटनाएं सामने आने लगी हैं। ऐसे में आने वाले समय में खतरा और बढ़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
अल्मोड़ा वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह ने बताया कि जंगलों की आग पर समय रहते काबू पाने के लिए राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD), फायर ब्रिगेड, ग्राम प्रहरी और युवक मंगल दलों का भी सहयोग लिया जाएगा।
184 आपदा मित्र निभाएंगे अहम भूमिका
इस बार फायर सीजन में 184 आपदा मित्र भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ये सभी आपदा मित्र वनाग्नि से निपटने का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं और जिले की 11 तहसीलों में तैनात रहकर जंगलों पर नजर रखेंगे। इसके साथ ही ये ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आग से बचाव के प्रति जागरूक भी करेंगे।
जल स्रोत बनेंगे आग बुझाने में मददगार
ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की कमी के कारण जंगल की आग बुझाने में अक्सर दिक्कत आती है। इस समस्या के समाधान के लिए इस बार प्राकृतिक जल स्रोतों और अन्य उपलब्ध साधनों का उपयोग किया जाएगा। साथ ही जल संस्थान भी पानी की आपूर्ति में वन विभाग को सहयोग करेगा।
प्रदीप धौलाखंडी, प्रभागीय वनाधिकारी, सिविल सोयम वन प्रभाग, अल्मोड़ा ने बताया कि फायर सीजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करेंगे।



