उत्तराखंडमौसम

उत्तराखंड में कोहरा और बर्फबारी का अलर्ट, पहाड़ों में बढ़ेगी ठंड

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मैदानी इलाकों में जहां कोहरे का असर दिखने लगा है, वहीं पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके चलते आने वाले दिनों में ठंड बढ़ सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी के आसार हैं।

3000 मीटर से ऊपर बर्फबारी के ज्यादा आसार

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना अधिक बनी हुई है। रविवार को पहाड़ से मैदान तक मौसम साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही, लेकिन सोमवार से मैदानी इलाकों में कोहरा और पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम बिगड़ने के संकेत हैं।

11 फरवरी तक ऐसा ही रहेगा मौसम

आने वाले दिनों की बात करें तो 11 फरवरी तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहेगा। इसके बाद 12 फरवरी से मौसम शुष्क होने की संभावना है। मैदानी इलाकों में तेज धूप निकलने से गर्मी का अहसास बढ़ेगा और तापमान में इजाफा देखने को मिलेगा।

दून में तापमान सामान्य से ऊपर

रविवार को देहरादून में चटख धूप खिलने से अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 25.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री बढ़कर 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी कुछ ऐसा ही हाल रहा।

मौसम विभाग ने लोगों को कोहरे और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button