उत्तराखंड

सीएम धामी ने विकास कार्यों के लिए दी वित्तीय मंजूरी, आपदा प्रभावित परिवारों को भी मिलेगी राहत

सेवलाकलां में संसारी माता मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए 49.95 लाख रुपये स्वीकृत, डीडीहाट के गराली में पुलिया निर्माण को भी मंजूरी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने और आपदा प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न वित्तीय स्वीकृतियों को मंजूरी दी है। इसके तहत देहरादून के सेवलाकलां में संसारी माता मंदिर के जीर्णोद्धार के शेष कार्य और पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में पुलिया निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। वहीं, उत्तरकाशी जिले के नौगांव में अतिवृष्टि और भूस्खलन से प्रभावित पांच परिवारों को सुरक्षित स्थान पर किराये के भवन में रहने के लिए आर्थिक सहायता देने का भी अनुमोदन किया गया है।

मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए 49.95 लाख रुपये

मुख्यमंत्री ने देहरादून के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 86, सेवलाकलां स्थित संसारी माता मंदिर के जीर्णोद्धार के अवशेष कार्य के लिए 49.95 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इससे मंदिर के शेष निर्माण एवं जीर्णोद्धार संबंधी कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

डीडीहाट में पुलिया निर्माण को मंजूरी

पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के गराली में पुलिया निर्माण के लिए 58.14 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस कार्य के लिए प्रथम किश्त के रूप में 34.88 लाख रुपये की धनराशि जारी करने का भी अनुमोदन किया गया है। पुलिया निर्माण से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।

आपदा प्रभावित पांच परिवारों को किराये के लिए सहायता

उत्तरकाशी जिले की नगर पंचायत नौगांव के वार्ड संख्या 7, सौली में अतिवृष्टि और भूस्खलन से प्रभावित पांच परिवारों को सुरक्षा की दृष्टि से अन्यत्र किराये के भवन में रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने इन परिवारों को छह माह तक प्रतिमाह 4,000 रुपये की दर से किराया उपलब्ध कराने के लिए कुल 1.20 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने का अनुमोदन किया है।

इस निर्णय से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर रहने के लिए आर्थिक सहायता मिल सकेगी। सरकार की ओर से विकास कार्यों के साथ-साथ आपदा प्रभावित लोगों की सुरक्षा और पुनर्वास संबंधी आवश्यकताओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button