
लक्सर | लक्सर क्षेत्र में एक बार फिर फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। देर शाम दो छात्रों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक 17 वर्षीय छात्र को गोली मार दी गई। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल छात्र को परिजन आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
दो जगहों पर हुआ विवाद, दूसरी बार चली गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों छात्रों के बीच पहले लक्सर स्थित होली क्रॉस स्कूल के पास किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस समय आसपास मौजूद लोगों ने मामला शांत करा दिया, लेकिन इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया। कुछ ही देर बाद केवी इंटर कॉलेज के पीछे दोबारा झगड़ा हुआ, जहां एक छात्र ने दूसरे छात्र पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया।
फायरिंग की आवाज सुनते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्र को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।घायल युवक की पहचान विनायक चौधरी (17 वर्ष), पुत्र कमलदीप, निवासी अकोढ़ा कला, लक्सर के रूप में हुई है।
आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही लक्सर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल गोली चलाने वाले युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस घायल छात्र के परिजनों से संपर्क कर जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है, हालांकि परिजन अभी स्पष्ट बयान देने की स्थिति में नहीं हैं।
लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक लोकपाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गहन छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
लगातार घटनाओं से दहशत का माहौल
लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं से लक्सर क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। आम नागरिकों में कानून व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवाओं में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
दिसंबर की घटना ने भी मचाई थी सनसनी
गौरतलब है कि बीते दिसंबर माह में भी लक्सर में उस समय हड़कंप मच गया था, जब लक्सर ओवरब्रिज पर पुलिस की कस्टडी में कोर्ट ले जाए जा रहे एक बदमाश पर दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग कर दी गई थी। इस हमले में बदमाश को तीन गोलियां लगी थीं और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। हालांकि पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन एक बार फिर छात्रों के बीच हुई फायरिंग ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



