हरिद्वार में अस्पताल ने गर्भवती महिला को लौटाया, सुभाष घाट पर खुले आसमान के नीचे दिया बच्ची को जन्म

पति या परिजन साथ नहीं होने का हवाला देकर भर्ती नहीं करने का आरोप, पुलिस ने एंबुलेंस से महिला और नवजात को अस्पताल पहुंचाया; दोनों स्वस्थ
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में स्वास्थ्य सेवाओं की संवेदनशीलता पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रसव पीड़ा से परेशान एक गर्भवती महिला को महिला अस्पताल में भर्ती करने के बजाय इसलिए वापस लौटा दिया गया, क्योंकि उसके साथ पति या कोई परिजन मौजूद नहीं था। अस्पताल से लौटने के बाद महिला ने हरकी पैड़ी के पास सुभाष घाट पर खुले आसमान के नीचे बच्ची को जन्म दिया। घटना के बाद पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से महिला और नवजात को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार महिला अपने परिवार के साथ हरकी पैड़ी क्षेत्र के घाटों के आसपास रहकर गुजर-बसर करती है। 28 नवंबर की शाम उसे प्रसव पीड़ा हुई तो वह उपचार के लिए महिला अस्पताल पहुंची। अस्पताल का संचालन पीपीपी मोड पर एनपीपीएल की ओर से किया जा रहा है। महिला का आरोप है कि उसके साथ पति या कोई अन्य परिजन नहीं होने के कारण उसे भर्ती नहीं किया गया और वापस भेज दिया गया।
अस्पताल से लौटने के बाद महिला सुभाष घाट पहुंच गई। वहां प्रसव पीड़ा बढ़ने पर उसने बच्ची को जन्म दिया। उस समय महिला के साथ कोई परिजन मौजूद नहीं था। घाट पर अचानक हुई इस घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने उसकी मदद की और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही हरकी पैड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर महिला और नवजात को महिला अस्पताल भिजवाया, जहां उन्हें भर्ती कराया गया। राहत की बात है कि जच्चा और बच्चा दोनों की हालत ठीक बताई जा रही है। घटना का वीडियो भी मौके पर मौजूद लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड किया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

अस्पताल की व्यवस्था पर उठे सवाल, जांच के आदेश
वीडियो सामने आने के बाद महिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं और आपातकालीन उपचार व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि प्रसव पीड़ा की स्थिति में पहुंची महिला को तत्काल चिकित्सकीय सहायता क्यों नहीं दी गई? यदि उसके साथ कोई परिजन नहीं था, तो क्या इस आधार पर उसे अस्पताल से वापस भेजना उचित था?
हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी यशवीर नेगी ने बताया कि महिला की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घाट पर प्रसव होने के बाद एंबुलेंस की व्यवस्था कर महिला को अस्पताल पहुंचाया गया।
वहीं, हरिद्वार के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जा रही है। यह पता लगाया जाएगा कि महिला को अस्पताल में भर्ती क्यों नहीं किया गया। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना ने अस्पतालों में आपात स्थिति के दौरान मरीजों को मिलने वाली चिकित्सा सहायता और जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि महिला को अस्पताल से लौटाने के पीछे क्या कारण थे और इस मामले में किसकी जिम्मेदारी तय होती है।



