उत्तराखंडक्राइम

पॉलिसी बांड में निवेश के नाम पर 30.74 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, कोर्ट के आदेश पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

हरिद्वार। लक्सर में एफडी और पॉलिसी बांड में निवेश कर अच्छा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 30 लाख 74 हजार 464 रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि निवेश की अवधि पूरी होने के बावजूद कंपनी से जुड़े लोगों ने उसकी रकम वापस नहीं की। पैसे मांगने पर उसके और उसके भाई के साथ अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस से शिकायत के बाद कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अब न्यायालय के आदेश पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लक्सर कोतवाली क्षेत्र के हबीबपुर कुड़ी गांव निवासी प्रमोद कुमार ने न्यायालय में दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि जनवरी 2015 में उनकी मुलाकात खुर्शीद निवासी मखियाली कलां, प्रीतम निवासी सिकंदरपुर थाना खानपुर और इरशाद निवासी बुडगिरी, जिला बिजनौर से हुई थी। पीड़ित के अनुसार, ये सभी लोग एक ऐसी कंपनी से जुड़े थे, जो एफडी और आरडी का काम करती थी।

आरोप है कि इन लोगों ने प्रमोद कुमार की मुलाकात लक्सर स्थित कंपनी कार्यालय में कंपनी के मालिक और निदेशक अहसान हैदर, मोहम्मद शाहनवाज और मोहम्मद जावेद निवासी देवऋषि एनक्लेव, देहरादून से कराई। इसके बाद उन्हें देहरादून बुलाकर कंपनी में निवेश करने पर बेहतर रिटर्न मिलने का भरोसा दिलाया गया। कंपनी से जुड़े लोगों की बातों पर विश्वास कर उन्होंने निवेश करने का फैसला लिया।

चार एफडी में जमा कराए करीब नौ लाख रुपये

प्रमोद कुमार के मुताबिक, उन्होंने 20 मार्च 2015 से 17 फरवरी 2018 के बीच करीब नौ लाख रुपये की चार एफडी कराई थीं। वर्ष 2020 से इन एफडी की परिपक्वता अवधि पूरी होने लगी, लेकिन इसी दौरान कोविड महामारी के चलते कंपनी का लक्सर स्थित कार्यालय बंद हो गया। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान कंपनी से जुड़े लोग उन्हें लगातार रकम वापस करने का आश्वासन देते रहे, लेकिन भुगतान नहीं किया गया।

आरोप है कि कोविड के बाद जब उन्होंने अपनी जमा रकम वापस मांगी तो कंपनी के लोगों ने बताया कि उनका पैसा उनकी ही दूसरी कंपनी में निवेश कर दिया गया है। इसके बाद आरोपियों ने पुराने निवेश और मुनाफे के नाम पर 19 लाख 33 हजार 936 रुपये के तीन चेक दिए।

पुराने निवेश के बदले नए पॉलिसी बांड देने का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि बाद में इन चेकों के बदले उन्हें 16 लाख रुपये की एफडी के नए पॉलिसी बांड दे दिए गए। प्रमोद कुमार का कहना है कि इस तरह उन्हें लगातार नए दस्तावेज और आश्वासन देकर मूल रकम की वापसी टालते रहे। उनका आरोप है कि यह पूरी प्रक्रिया उन्हें उलझाए रखने और निवेश की मूल रकम वापस मांगने से रोकने के लिए अपनाई गई।

रुपये मांगने पर अभद्रता और जान से मारने की धमकी

प्रमोद कुमार के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को वह लक्सर में आरोपियों से मिले और अपनी कुल निवेश राशि 30 लाख 74 हजार 464 रुपये वापस करने की मांग की। आरोप है कि इस दौरान कंपनी से जुड़े लोगों ने उनके और उनके भाई के साथ अभद्रता की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय में प्रार्थनापत्र दाखिल किया।

न्यायालय के आदेश के बाद लक्सर कोतवाली पुलिस ने कंपनी से जुड़े लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले में दिए गए दस्तावेजों, पॉलिसी बांड और चेकों की जांच कर रही है।

दस्तावेजों की जांच के बाद होगी कार्रवाई

लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि कंपनी के दस्तावेज, पॉलिसी बांड और चेकों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button