उत्तराखंडमौसममौसम

उत्तराखंड में मौसम बदलेगा करवट, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी,होली से पहले बारिश के आसार

उत्तराखंड मौसम। हिमालयी राज्य उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, हिमालयी क्षेत्रों में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ने दस्तक दे दी है। इसके प्रभाव से 27 और 28 फरवरी को प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है।

पर्वतीय जिलों में बर्फबारी की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 3,000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों, जैसे कि चारधाम (बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री) की चोटियों पर बर्फबारी के आसार हैं। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है, जिससे पहाड़ों पर ठिठुरन लौटने की संभावना है।

मैदानी इलाकों में गर्मी जारी

वहीं, मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर जारी है। राजधानी देहरादून में गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः 4 और 3 डिग्री अधिक है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ों में बर्फबारी के दौरान मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं से दिन के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, लेकिन गर्मी का सिलसिला अभी थमता नजर नहीं आ रहा।

होली से पहले मौसम में बदलाव

मौसम विभाग का अनुमान है कि होली (4 मार्च) से ठीक पहले 3 और 4 मार्च को एक और शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके चलते होली के अवसर पर बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना है।

अगले सात दिन का पूर्वानुमान

अगले एक सप्ताह के दौरान मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तापमान और मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण स्वास्थ्य का ध्यान रखें। पहाड़ों में जाने वाले पर्यटकों को मौसम की सटीक जानकारी लेकर यात्रा की योजना बनाने की हिदायत दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button