ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा: पिकअप वाहन गंगा में गिरा, दो लोगों की तलाश में रेस्क्यू जारी

देवप्रयाग/ऋषिकेश। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। देवप्रयाग से पहले चिलडांग के समीप सुबह करीब पांच बजे एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सीधे गंगा नदी में जा गिरा। वाहन ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। प्रशासन के अनुसार वाहन में दो लोगों के सवार होने की आशंका है, जिनकी तलाश के लिए नदी में युद्धस्तर पर खोज अभियान चलाया जा रहा है।
तेज बहाव के बीच सर्च ऑपरेशन
गंगा नदी में तेज बहाव के बावजूद एसडीआरएफ के गोताखोर और पुलिस जवान लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटे हैं। नदी किनारे और संभावित बहाव क्षेत्र में भी तलाश की जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक लापता व्यक्तियों या वाहन का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया था।
पहचान की कोशिशें जारी
पुलिस वाहन के पंजीकरण नंबर और अन्य स्रोतों के माध्यम से सवार लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ की जा रही है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी का माहौल है और हाईवे पर एहतियातन यातायात पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन के सफल होने तक मौके पर अतिरिक्त बल तैनात किया है।



