देहरादून नगर निगम में 56 आउटसोर्स कर्मचारियों की छंटनी पर असमंजस, पार्कों में तैनाती पर विचार

देहरादून: नगर निगम देहरादून में आउटसोर्स कर्मचारियों को हटाने की प्रक्रिया फिलहाल अधर में लटकी हुई है। करीब 56 कर्मचारियों की छंटनी की सूची बनाकर उन्हें बाहर कर दिया गया था, लेकिन भारी विरोध के बाद अब इस फैसले पर दोबारा मंथन किया जा रहा है।
विरोध के बाद निगम प्रशासन ने सभी अनुभागों से कर्मचारियों का नया विवरण मांगा है। साथ ही छंटनी सूची में शामिल कुछ कर्मचारियों से फील्ड वर्क को लेकर सहमति भी ली जा रही है।
363 आउटसोर्स कर्मचारी, पदों से अधिक तैनाती
नगर निगम में आउटसोर्स के जरिए कुल 363 कर्मचारी कार्यरत हैं। निगम प्रशासन का कहना है कि तय पदों से अधिक संख्या में कर्मचारी तैनात हैं, जिसके चलते छंटनी का निर्णय लिया गया।
हालांकि छंटनी सूची में नियमित रूप से काम करने वाले कर्मचारियों के नाम भी शामिल होने से विवाद बढ़ गया।
पार्कों में निगरानी के लिए लगेंगे कर्मचारी
निगम के अधीन कई पार्क विकसित किए गए हैं, जहां सुरक्षा गार्ड की जरूरत है। ऐसे में प्रस्ताव है कि 56 कर्मचारियों को इन पार्कों में निगरानी के लिए तैनात किया जाए।
तैनाती व्यवस्था पर उठे सवाल
वर्तमान में निगम में कई आउटसोर्स कर्मचारी टैक्स, लैंड और आरटीआई जैसे अनुभागों में काम कर रहे हैं। कुछ जोनल कार्यालयों में तैनात हैं, लेकिन स्पष्ट व्यवस्था और रिकॉर्ड का अभाव सामने आया है।
आज साफ हो सकती है तस्वीर
कर्मचारी नेताओं और पार्षदों ने छंटनी के फैसले पर आपत्ति जताई है। ऐसे में उम्मीद है कि आज इस मामले में अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।



