
देहरादून। राजधानी में दिनदहाड़े हुए झारखंड के गैंग्स्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में पुलिस जांच तेज हो गई है। मामले में शामिल शूटरों की तलाश में उत्तराखंड पुलिस की टीम जमशेदपुर पहुंच गई है।
पुलिस के अनुसार इस वारदात को अंजाम देने वाले शूटर जमशेदपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। उनकी पहचान आकाश और आशुतोष के रूप में हुई है। वहीं तीसरे हमलावर की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है, जिसकी तलाश जारी है।
करीबी ने करवाई हत्या? लेन-देन का विवाद सामने आया
पुलिस सूत्रों के मुताबिक विक्रम शर्मा के एक नजदीकी व्यक्ति ने कारोबारी और लेन-देन के विवाद के चलते उसकी हत्या की साजिश रची। शूटरों को पूरी प्लानिंग के साथ उत्तराखंड भेजा गया था।
बताया जा रहा है कि आरोपी शूटर प्लेन से उत्तराखंड पहुंचे और हरिद्वार से किराए पर बाइक व स्कूटी लेकर देहरादून पहुंचे। उन्हें विक्रम शर्मा की दिनचर्या और मूवमेंट की पूरी जानकारी थी।
जिम के बाहर रची गई साजिश
शूटरों ने वारदात के लिए सिल्वर सिटी क्षेत्र को चुना, क्योंकि विक्रम शर्मा नियमित रूप से वहां जिम आता-जाता था। घटना के समय विक्रम शर्मा के पास पिस्टल भी मौजूद थी, लेकिन हमलावरों ने उसे हथियार निकालने का मौका तक नहीं दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शूटरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। पहली गोली उसके सिर पर लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच जारी
पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और यात्रा संबंधी रिकॉर्ड खंगाल रही है। तीसरे आरोपी की पहचान और साजिश के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए विभिन्न राज्यों में छापेमारी की जा रही है।
मामले ने राजधानी की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



