
देहरादून। उत्तराखंड में जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नैनीताल और उत्तरकाशी के बाद अब देहरादून और हरिद्वार जिला न्यायालय को भी धमकी मिली है। बुधवार को लगातार तीसरे दिन देहरादून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ।
जिला जज कार्यालय की ओर से इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद न्यायालय परिसर में सुरक्षा और चेकिंग बढ़ा दी गई है। पुलिस ने आमजन और अधिवक्ताओं से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
कई जिलों को मिल चुकी है धमकी
पिछले दो दिनों में उत्तरकाशी, हरिद्वार, टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिला न्यायालयों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। सोमवार को नैनीताल और उत्तरकाशी कोर्ट को धमकी मिली थी, जबकि मंगलवार को पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और बागेश्वर के न्यायालयों को भी ईमेल के माध्यम से धमकी भेजी गई।
जांच में जुटी कई एजेंसियां
धमकी भरे ईमेल की जांच के लिए उत्तराखंड के कई जिलों की पुलिस टीमें सक्रिय हैं। साथ ही उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों की एजेंसियां भी तकनीकी जांच में सहयोग कर रही हैं।
चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न
धमकियों के बीच मंगलवार को उत्तराखंड बार काउंसिल के 23 सदस्यों का चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
फिलहाल सभी न्यायालय परिसरों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और पुलिस अलर्ट मोड पर है।



