
हरिद्वार: धार्मिक नगरी हरिद्वार में एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने होटल प्रबंधक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेशी के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
बस अड्डे के पास से बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
पुलिस के अनुसार घटना शनिवार देर शाम की है।दरअसल पीड़िता का पति सिडकुल क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत है और बिजनौर निवासी महिला अपने पति से मिलने हरिद्वार आई थी।
आरोप है कि बस अड्डे के पास एक ऑटो चालक ने महिला को बहला-फुसलाकर अपने वाहन में बैठा लिया। कुछ दूरी तय करने के बाद महिला को एक कार में स्थानांतरित किया गया। कार चालक उसे शिवमूर्ति गली स्थित एक होटल में ले गया, जहां ऑटो चालक भी पहुंच गया।
होटल में वारदात का आरोप
पीड़िता के अनुसार, होटल में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और होटल प्रबंधक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल परीक्षण और अन्य साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया जारी है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



