
देहरादून। कांग्रेस की प्रस्तावित रैली को देखते हुए देहरादून पुलिस ने शहर में व्यापक रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है। रैली जिन मार्गों से होकर गुजरेगी, वहां यातायात को अस्थायी रूप से डायवर्ट किया जाएगा।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि रैली के परेड ग्राउंड से निकलते ही ओरियंट चौक से कनक चौक जाने वाले यातायात को ग्लोब चौक होते हुए भेजा जाएगा। साथ ही लैंसडाउन चौक और बुद्धा चौक से भी यातायात डायवर्ट किया जाएगा।
कनक चौक और ओरियंट चौक पर डायवर्जन
जब रैली कनक चौक पहुंचेगी तो पेसिफिक तिराहा से कनक चौक जाने वाले वाहनों को तनेजा ऑप्टिकल कट से रोजगार तिराहा की ओर भेजा जाएगा।
रैली के ओरियंट चौक पहुंचने पर कनक चौक से ओरियंट चौक जाने वाले यातायात को पेसिफिक तिराहा होते हुए भेजा जाएगा।
ग्लोब चौक से ओरियंट चौक जाने वाले यातायात को भी पेसिफिक तिराहा की ओर मोड़ा जाएगा।
इसके अलावा घंटाघर से ओरियंट चौक जाने वाले यातायात को दर्शनलाल चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
ग्लोब चौक और बहल चौक पर व्यवस्था
रैली के ओरियंट चौक से आगे बढ़ने पर ग्लोब चौक से यातायात को पेसिफिक तिराहा की ओर भेजा जाएगा।
जब रैली ग्लोब चौक पहुंचेगी तो ग्लोब चौक से बहल चौक जाने वाले वाहनों को पेसिफिक तिराहा से बैनीबाजार की ओर भेजा जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रैली के पीछे किसी भी प्रकार का यातायात नहीं भेजा जाएगा।
राजपुर रोड और दिलाराम चौक क्षेत्र में बदलाव
रैली के बहल चौक पार करने पर राजपुर रोड और बैनीबाजार चौक से आने वाले वाहनों को रोक-रोक कर चलाया जाएगा।
एनेक्सी तिराहा से हाथीबड़कला की ओर किसी भी वाहन को नहीं भेजा जाएगा। इस यातायात को सीएसडी तिराहा और वाटिका तिराहा होते हुए बिंदाल की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
रैली के दिलाराम चौक पार करने पर कालीदास तिराहा से दिलाराम जाने वाले यातायात को पथरियापीर और नेशविला रोड की ओर मोड़ा जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।



