
कोटद्वार। उत्तराखंड के कोटद्वार से ‘मोहम्मद दीपक’ नाम को लेकर देशभर में चर्चा में आए दीपक कुमार की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। दो दिन पहले दीपक को जान से मारने पर 2 लाख रुपये इनाम की घोषणा वाला वीडियो वायरल होने के बाद अब हिंदू रक्षा दल के नेता पिंकी चौधरी का धमकी भरा वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में पिंकी चौधरी कथित तौर पर दीपक को खुलेआम धमकी देते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में पिंकी चौधरी यह कहते सुने जा रहे हैं कि, “इस दीपक का मुल्लापन हम जाकर निकालेंगे।” उन्होंने ऐलान किया कि हिंदू रक्षा दल पूरी ताकत के साथ कोटद्वार कूच कर रहा है और दीपक को सबक सिखाया जाएगा। इस वीडियो के सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस अलर्ट मोड पर है।
26 जनवरी को शुरू हुआ था विवाद
यह पूरा मामला 26 जनवरी को कोटद्वार के पटेल मार्ग स्थित ‘बाबा’ नाम की कपड़ों की दुकान से जुड़ा है। दुकान के नाम को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। इसी दौरान दुकान मालिक वकील अहमद और उनके बेटे के मित्र दीपक कुमार के साथ झड़प और मारपीट की घटना हुई थी। विवाद के दौरान दीपक ने स्वयं को ‘मोहम्मद दीपक’ बताते हुए प्रदर्शनकारियों को वहां से जाने को कहा था। इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और मामला देशभर में चर्चा का विषय बन गया।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
इससे पहले दीपक कुमार को जान से मारने पर 2 लाख रुपये इनाम की घोषणा वाला एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में एक युवक ने खुलेआम दीपक की हत्या करने वाले को इनाम देने की बात कही थी। इस मामले में दीपक ने पुलिस से शिकायत की थी।
पुलिस की तकनीकी जांच में वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की पहचान बिहार के मोतिहारी निवासी उत्कर्ष कुमार सिंह के रूप में हुई थी। बिहार पुलिस के सहयोग से उसे थाने लाकर पूछताछ की गई थी। पूछताछ में युवक ने बताया था कि वह सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए यह वीडियो बना रहा था क्योंकि दीपक का मामला ट्रेंड कर रहा था।
पुलिस सतर्क, सुरक्षा बढ़ाई गई
लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। कोटद्वार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की अफवाह, भड़काऊ बयान या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल ट्रेंड और उससे जुड़ी हिंसक मानसिकता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए



