उत्तराखंडक्राइम

कीर्तिनगर में होली विवाद के बाद व्यापारियों का प्रदर्शन, एसडीएम कार्यालय और कोतवाली का घेराव

कीर्तिनगर : कीर्तिनगर नगर क्षेत्र में होली के दिन हुई मारपीट की घटना के विरोध में गुरुवार को स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने उपजिलाधिकारी कार्यालय और कोतवाली कीर्तिनगर का घेराव किया। व्यापारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई और बाजार बंद रखकर अपना विरोध दर्ज कराया।

व्यापारियों का आरोप है कि होली के दिन कीर्तिनगर बाजार चेक पोस्ट के पास नैथाना के कुछ युवकों ने बाजार के व्यापारियों के साथ अभद्रता की। इस दौरान कहासुनी बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई। घटना में एक व्यापारी के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

घटना के विरोध में गुरुवार को व्यापारियों ने बाजार बंद रखा और उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने नगर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरों के नियमित संचालन और ओवरस्पीड पर नियंत्रण के साथ ही मारपीट के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर मंजू राजपूत ने व्यापारियों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कोतवाली का भी किया घेराव

इसके बाद व्यापारी कोतवाली कीर्तिनगर पहुंचे और होली के दिन पर्याप्त पुलिस बल तैनात न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस की कमी के कारण क्षेत्र में अराजकता का माहौल बना।

दो आरोपी गिरफ्तार

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कीर्तिनगर संजय मिश्रा ने बताया कि मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही पूरे मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button