उत्तराखंडदेहरादूनराजनीती

सीएम धामी ने किया जेपी नड्डा का स्वागत, विधानसभा रणनीति पर होगी कोर कमेटी बैठक

देहरादून। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आज जौलीग्रांट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। उत्तराखंड भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं।

आगामी विधानसभा चुनाव क्रम में आज जौलीग्रांट स्थित एक होटल में भाजपा की कोर कमेटी की अहम बैठक बुलाई गई है। बैठक की अध्यक्षता जेपी नड्डा करेंगे। पार्टी लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने के लक्ष्य के साथ सियासी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटी है।

विधानसभा चुनाव रहेगा मुख्य एजेंडा

कोर कमेटी की बैठक में मुख्य रूप से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा होगी। इसमें तय किया जाएगा कि भाजपा चुनाव किस मुद्दे पर लड़ेगी और विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक संगठनात्मक रणनीति कैसी रहेगी।

बैठक में यह भी चर्चा होगी कि पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच किस प्रकार पहुंचेंगे और सरकार की उपलब्धियों को कैसे प्रभावी ढंग से प्रचारित किया जाएगा।

सर्वे रिपोर्ट और सीटों की समीक्षा

हाल ही में भाजपा ने प्रदेश में पहले चरण का सर्वे कराया है। इस सर्वे के आधार पर कोर कमेटी विभिन्न विधानसभा सीटों की स्थिति की समीक्षा करेगी।

किन सीटों पर पार्टी की स्थिति मजबूत है और कहां कमजोरी है, इस पर विस्तार से मंथन होगा। साथ ही मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन और उनकी स्थिति पर भी चर्चा की जाएगी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि जो विधायक जिस सीट से निर्वाचित हैं, उन्हें वहीं से अगले चुनाव की तैयारी करनी होगी। विधायक हो या मंत्री, किसी की सीट बदली नहीं जाएगी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार यह बैठक आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें संगठन और सरकार के समन्वय पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button