उत्तराखंड

देहरादून में बड़ा हादसा, 30 यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 3 की मौत, कई घायल

देहरादून | देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। 30 से अधिक यात्रियों से भरी हिमाचल रोडवेज की बस गहरी खाई में गिर गई, जिसमें अब तक 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश से पांवटा साहिब जा रही HRTC की बस (नंबर: HP-66A-2588) हरिपुर–क्वानू–मीनस मार्ग पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बस में करीब 30 से ज्यादा यात्री सवार थे।

दूसरे वाहन को पास देते समय हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि बस चालक दिनेश शर्मा और परिचालक जगदीश चंद बस को लेकर पांवटा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक अन्य वाहन को पास देते समय ड्राइवर ने बस को ज्यादा बाहर काट दिया, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।

हादसे की सूचना सबसे पहले बस के परिचालक द्वारा पुलिस को फोन करके दी गई।

SDRF और पुलिस ने संभाला मोर्चा

सुबह CCR देहरादून को हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की टीमें पोस्ट डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूणी से तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। अर्पण यदुवंशी, सेनानायक SDRF के निर्देश पर राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया गया।

रेस्क्यू टीमों ने खाई में उतरकर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

वीडियो देखकर कांप उठा कलेजा

हादसे के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें बस खाई में पलटी हुई नजर आ रही है और यात्री अंदर फंसे हुए दिखाई दे रहे हैं। दृश्य इतने भयावह हैं कि देखकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। स्थानीय लोग भी राहत कार्य में जुटे रहे।

इलाके में दहशत, जांच जारी

पुलिस ने हादसे में 3 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस व प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रशासन का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button