
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए एक वांछित आरोपी को छुड़ाने के लिए उसके बेटे और साथियों ने फिल्मी अंदाज़ में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि कई पुलिसकर्मियों को चोटें आने की पुष्टि हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात मुजफ्फरनगर जिले के थाना छपार में तैनात उप निरीक्षक अनुराग सिंह अपनी टीम के साथ धोखाधड़ी के एक मामले में वांछित आरोपी संजय पुत्र राजपाल को ज्वालापुर स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर न्यायालय ले जा रहे थे। इसी दौरान भूमानंद अस्पताल के समीप आरोपी के पुत्र ईशांत ने अपने सहयोगियों के साथ कई वाहनों से पुलिस गाड़ी का पीछा किया और उसे टक्कर मार दी।
हमलावरों ने पुलिस टीम को घेरकर आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली ज्वालापुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार तड़के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहनों को भी कब्जे में ले लिया है। इस मामले में सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस पर जानलेवा हमला और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ईशांत पुत्र संजय, शिवम मलिक पुत्र अनुज मलिक और अमन पुत्र गजेंद्र, निवासी सुभाष नगर, कोतवाली ज्वालापुर के रूप में हुई है। तीनों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने और पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।



