
देहरादून। कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर टिकट वितरण पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि विधानसभा चुनाव में टिकट उसी को मिलेगा जो जीत सकता है, न कि उसे जो अभी से बड़े नेताओं का नाम लेकर दावा कर रहा है।
डॉ. रावत ने चुटकी लेते हुए कहा, “कुछ लोग अभी से राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे का नाम लेकर कह रहे हैं कि उनका टिकट फाइनल हो गया है। अरे, टिकट तो राहुल गांधी का भी फाइनल नहीं है।”
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ बयान
कार्यकर्ताओं के एक कार्यक्रम के दौरान दिया गया डॉ. हरक सिंह रावत का यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने कहा कि हर कोई यह कहता फिर रहा है कि उसका टिकट फाइनल है, लेकिन यह कैसे फाइनल हो गया, यह किसी को नहीं पता।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी ने उन्हें प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है और टिकट वितरण पूरी तरह योग्यता और जीत की क्षमता के आधार पर होगा।
सिफारिश नहीं, जीतने की क्षमता होगी आधार
डॉ. रावत ने कहा कि उनके पास टिकट के लिए सिफारिशें जरूर आ रही हैं, लेकिन साफ कर दिया गया है कि “चाहे कोई हरक सिंह का करीबी हो, गोदियाल का या प्रीतम का—टिकट उसी को मिलेगा जिसमें जीतने का दम होगा।”
“जिस सीट से कोई नहीं लड़ेगा, वहां से मैं लड़ूंगा”
उन्होंने खुद को पार्टी का सिपाही बताते हुए कहा, “मैं कांग्रेस का कार्यकर्ता हूं। जिस सीट से कोई चुनाव नहीं लड़ेगा, मैं वहां से चुनाव लड़ूंगा।” डॉ. हरक सिंह रावत के इस बयान को कांग्रेस के भीतर अनुशासन और सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे टिकट को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग सकता है।



