उत्तराखंडक्राइम

कलियर में फर्जी जनसेवा केंद्र पर छापा, हजारों नकली प्रमाण पत्र बरामद; आरोपी गिरफ्तार

कलियर: कलियर थाना पुलिस ने सत्यापन अभियान के दौरान एक होटल में संचालित किए जा रहे फर्जी जनसेवा केंद्र पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से भारी संख्या में फर्जी प्रमाण पत्र बरामद किए हैं। आरोपी के पास से मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष का फर्जी पहचान पत्र भी मिला है।

होटल के कमरे में चल रहा था फर्जी केंद्र

पुलिस के अनुसार स्थानीय अभिसूचना इकाई की टीम के साथ सत्यापन के दौरान एक होटल के कमरे में छापा मारा गया। वहां “शाहिदा मानवाधिकार जनसेवा केंद्र” के नाम से बोर्ड लगाकर केंद्र संचालित किया जा रहा था।

पूछताछ में संचालक ने अपना नाम शहनवाज निवासी साहिबगंज, मुजफ्फरपुर (बिहार) बताया। आरोपी ने खुद को मानवाधिकार आयोग का अध्यक्ष बताते हुए पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की और अपना पहचान पत्र भी दिखाया, जो जांच में फर्जी पाया गया।

एक हजार से अधिक फर्जी प्रमाण पत्र बेचने का आरोप

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पैन कार्ड बनाकर लोगों को बेच रहा था। अधिकतर जन्म प्रमाण पत्र नगर निगम रुद्रपुर के लेटर पैड पर जारी दर्शाए गए थे।

पुलिस के मुताबिक अब तक आरोपी एक हजार से अधिक फर्जी प्रमाण पत्र तैयार कर बेच चुका है। बरामद जन्म प्रमाण पत्रों पर एक ही सीरियल नंबर अंकित पाया गया और उन पर उत्तराखंड शासन का लोगो भी लगा हुआ था।

मुकदमा दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button