उत्तराखंडक्राइम

संदिग्ध हालात में नाबालिग लड़की की हत्या, चचेरा भाई फरार , इलाके में फैला तनाव

देहरादून : देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से सनसनी फैल गई है। युवती का शव उसके घर से करीब 100 मीटर दूर सड़क किनारे झाड़ियों में मिला, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के चांदीपुर इलाके की है। बताया जा रहा है कि लड़की घर से अपने चचेरे भाई के साथ निकली थी, लेकिन कुछ समय बाद उसका शव झाड़ियों में बरामद हुआ। युवती के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और सबूत जुटाने का काम शुरू किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतका का चचेरा भाई इस समय फरार है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। शुरुआती जांच में संदेह परिवार से जुड़े एक युवक पर है, हालांकि पुलिस का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि लड़की के साथ निकला चचेरा भाई अचानक कहां गायब हो गया। यह भी जांच का विषय है कि वह खुद किसी अनहोनी का शिकार तो नहीं हुआ या फिर इस हत्या में उसकी कोई भूमिका है।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग डरे हुए हैं और जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चला रही है और उम्मीद है कि जल्द ही इस जघन्य हत्या का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button