
कोटद्वार। पौड़ी जनपद के कोटद्वार में दुकान के नाम में ‘बाबा’ शब्द को लेकर हो रहे विवाद ने रविवार को राजनीतिक तूल पकड़ लिया, जब कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इस मुद्दे पर खुलकर सामने आए। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दीपक का समर्थन करते हुए उन्हें भारत का हीरो बताया।
राहुल गांधी ने पोस्ट में लिखा कि दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं, उस संविधान के लिए जिसे भाजपा और संघ परिवार रोज़ कुचलने की साजिश करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि दीपक नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान का जीवित उदाहरण हैं और यही बात सत्ता पक्ष को सबसे अधिक चुभती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि संघ परिवार जानबूझकर देश में आर्थिक और सामाजिक ज़हर घोल रहा है ताकि समाज को बांटा जा सके और कुछ लोग डर के सहारे सत्ता पर काबिज़ रह सकें। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार खुले तौर पर उन असामाजिक तत्वों का साथ दे रही है जो आम नागरिकों को डराने और परेशान करने में लगे हैं।
राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि नफ़रत, डर और अराजकता के माहौल में कोई भी देश आगे नहीं बढ़ सकता। शांति के बिना विकास सिर्फ़ एक नारा है। उन्होंने कहा कि देश को और दीपकों की ज़रूरत है जो न डरें, न झुकें और पूरी ताक़त से संविधान के साथ खड़े रहें। अंत में उन्होंने लिखा, “हम तुम्हारे साथ हैं भाई। डरो मत। तुम बब्बर शेर हो।”
शनिवार को बजरंग दल का प्रदर्शन
बताया गया कि शनिवार को बजरंग दल के कार्यकर्ता जुलूस के रूप में पटेल मार्ग स्थित एक दुकान के पास पहुंचे और प्रदर्शन किया। हालात बिगड़ने से पहले पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर कर दिया, जिसके बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए मालवीय उद्यान की ओर चले गए।मालवीय उद्यान में दोनों पक्षों के बीच झड़प की स्थिति बन गई थी, लेकिन पुलिस प्रशासन की सतर्कता से स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया।
प्रशासन की पहल पर वार्ता, देर शाम हुआ समझौता
बजरंग दल के कार्यकर्ता मालवीय उद्यान के पास सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे।उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान और एएसपी चंद्रमोहन सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को वार्ता के लिए उद्यान के भीतर ले गए, लेकिन बातचीत सफल नहीं हो पाई।
कार्यकर्ता बुधवार की मारपीट की घटना में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। देर शाम पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।



