
देहरादून। उत्तराखंड में शनिवार को मौसम साफ बना रहेगा। पहाड़ी इलाकों में दिनभर तेज धूप खिली रहेगी, जबकि सुबह के समय मैदानी क्षेत्रों के चार शहरों—हरिद्वार, अल्मोड़ा, हल्द्वानी और ऊधम सिंह नगर—में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, राज्य के सभी जिलों में आज बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। दिनभर सूर्य अपनी चमक बिखेरेगा। पश्चिमी विक्षोभ की विदाई के बाद प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है, जिससे लोगों को बारिश और बर्फबारी से राहत मिली है। लगातार साफ मौसम के चलते धीरे-धीरे गर्मियों जैसा एहसास होने लगा है।
गंगोत्री में सबसे ज्यादा ठंड, तापमान माइनस 23 डिग्री
प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंड गंगोत्री में दर्ज की गई, जहां तापमान माइनस 23 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। चारधाम—गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ—में फिलहाल तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है।
मैदानी इलाकों में बढ़ी गर्मी, राजधानी में 26 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
मैदानी इलाकों में दिन के समय तेज धूप के चलते गर्मी बढ़ने लगी है, जबकि पहाड़ों में धूप के कारण बर्फ पिघलने से सर्दी का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है। देहरादून में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री के बीच रह सकता है। तेज धूप के कारण अब लोगों को केवल सुबह और शाम के समय ही ठंड का एहसास हो रहा है।
8 फरवरी से बदलेगा मौसम, बारिश और बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग ने 8 फरवरी से मौसम के मिजाज में बदलाव की संभावना जताई है। इसके प्रभाव से 9 और 10 फरवरी को कुछ इलाकों में बारिश और 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। नए मौसमी तंत्र के चलते उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में छिटपुट बारिश या बर्फबारी का अनुमान है।
मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे की चेतावनी
विभाग ने आगामी कुछ दिनों तक मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने को लेकर चेतावनी जारी की है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने और सुरक्षित ड्राइविंग की सलाह दी गई है।



