उत्तराखंड

संत रविदास के विचारों से सामाजिक समानता को मजबूत कर रही सरकार: सीएम धामी

धनौरी में ‘समरसता संकल्प यात्रा’ में शामिल हुए मुख्यमंत्री, बोले- उत्तराखंड में यूसीसी लागू कर सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था की

हरिद्वार। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में मंगलवार को हरिद्वार के धनौरी स्थित डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज में ‘समरसता संकल्प यात्रा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया और दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने संत रविदास के विचारों और आदर्शों को जीवन में अपनाने के साथ सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज को समानता और समरसता का मार्ग दिखाया। उनकी विचारधारा को धरातल पर उतारने की दिशा में उत्तराखंड सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई। इसके तहत प्रदेश में रहने वाले सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था की गई है। कानून की नजर में जाति, पंथ और वर्ग के आधार पर कोई भेदभाव नहीं है।

छह वर्षों में 239 करोड़ रुपये जारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक समरसता केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसका प्रभाव सरकारी योजनाओं और समाज के व्यवहार में भी दिखना चाहिए। इसी उद्देश्य से अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों के विकास और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति उपयोजना और ट्राइबल सब प्लान के तहत पिछले छह वित्तीय वर्षों में करीब 239 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इनसे अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं।

एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण किसी विद्यार्थी की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाएं चलाई जा रही हैं। पिछले तीन वित्तीय वर्षों में इन योजनाओं के तहत एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को करीब 114 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के माध्यम से अनुसूचित जाति बहुल गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विकास कर उन्हें आदर्श ग्राम के रूप में तैयार किया जा रहा है। वहीं, बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना के तहत देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल में छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है।

अंतरजातीय विवाह पर 50 हजार रुपये की सहायता

सीएम धामी ने बताया कि राज्य सरकार अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना भी चला रही है। इसके तहत पति-पत्नी में से एक के अनुसूचित जाति वर्ग से होने पर दंपत्ति को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। पिछले तीन वर्षों में 209 दंपत्तियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक परेशानी बाधा न बने, इसके लिए शादी अनुदान योजना संचालित है। इसके तहत पात्र अनुसूचित जाति परिवारों की अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए प्रति बेटी 50 हजार रुपये की सहायता सीधे दी जाती है।

स्वच्छकारों की सुरक्षा और सम्मान पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छकार भाई-बहनों की सुरक्षा, गरिमा और सम्मानजनक रोजगार सुनिश्चित करने के लिए नमस्ते योजना चलाई जा रही है। इसका उद्देश्य उन्हें असुरक्षित सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई के काम से मुक्त करना तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि सरकार संत रविदास महाराज के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना के साथ सामाजिक एकता और समानता को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में महानिर्वाणी अखाड़े के श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि, बाबा हठयोगी महाराज, स्वामी प्रबोधनंद गिरि, महंत अरुणदास, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास और प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और संत मौजूद रहे। इस अवसर पर गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button