उत्तराखंडदिल्ली

इगास पर्व पर सीएम धामी ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं, दिल्ली में सांसद अनिल बलूनी के आवास पर मनाया लोकपर्व; युवा पीढ़ी से संस्कृति और परंपराओं को संजोने की अपील

देहरादून/नई दिल्ली। उत्तराखंड के लोकपर्व इगास (बूढ़ी दीपावली) के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का आह्वान किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नई दिल्ली में पौड़ी गढ़वाल के सांसद अनिल बलूनी के आवास पर पहुंचे और उन्हें व उनके परिवारजनों को इगास पर्व की बधाई दी। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इगास उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक विरासत और लोक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह हमारी सांस्कृतिक पहचान के साथ पूर्वजों से मिली परंपराओं को संजोने का संदेश देता है। इगास जैसे लोकपर्व सामाजिक एकता, सामूहिकता और आपसी प्रेम को भी मजबूत करते हैं।

युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराएं और लोकपर्व हमारी विशिष्ट पहचान हैं। युवा पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं के बारे में जानना चाहिए और उन्हें आगे बढ़ाने में भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडवासियों से भी अपने पैतृक गांवों में इगास मनाने और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन को नई ऊर्जा मिल रही है। उत्तराखंड में भी इगास पर्व को लेकर उत्साह बढ़ा है। राज्य सरकार लोक संस्कृति, लोककला, लोकभाषाओं और पारंपरिक त्योहारों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

इगास पर सार्वजनिक अवकाश की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि इगास पर्व पर सार्वजनिक अवकाश की व्यवस्था की गई है, ताकि लोग अपने पैतृक गांवों में पहुंचकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ त्योहार मना सकें। ऐसे पर्व नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के साथ समाज में आपसी जुड़ाव भी बढ़ाते हैं।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और डॉ. धन सिंह रावत भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button