देश

भारत-मलेशिया के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘हरिमऊ शक्ति-VI’ शुरू, 30 नवंबर तक आतंकवाद-रोधी अभियानों का करेंगे अभ्यास

इपोह (मलेशिया)। भारत और मलेशिया के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘हरिमऊ शक्ति-VI’ का छठा संस्करण बृहस्पतिवार, 19 नवंबर को मलेशिया के इपोह में शुरू हो गया। यह सैन्य अभ्यास 30 नवंबर तक चलेगा। इसमें दोनों देशों की सेनाओं के 120-120 सैनिक हिस्सा ले रहे हैं। इस अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के अध्याय VII के तहत आतंकवाद-रोधी अभियानों में आपसी तालमेल, सामरिक क्षमता और परिचालन दक्षता को मजबूत करना है।

‘हरिमऊ शक्ति’ भारत और मलेशिया के बीच आयोजित होने वाला द्विपक्षीय सैन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम है। इसका आयोजन बारी-बारी से दोनों देशों में किया जाता है। इस बार का अभ्यास जंगल और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में संयुक्त अभियानों पर केंद्रित रहेगा। इसमें दोनों देशों के सैनिक संयुक्त योजना बनाने, सामरिक समन्वय स्थापित करने और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल का प्रशिक्षण लेंगे।

आतंकवाद-रोधी अभियानों और आधुनिक तकनीक पर जोर

अभ्यास के शुरुआती चरण में दोनों देशों की सेनाएं एक-दूसरे की कार्यप्रणाली को समझेंगी और प्रशिक्षण संबंधी अनुभव साझा करेंगी। इसके बाद संयुक्त सामरिक अभ्यास किए जाएंगे। प्रशिक्षण के दौरान संयुक्त कमांड पोस्ट और निगरानी केंद्र स्थापित करने के साथ आतंकवाद-रोधी अभियान, छापेमारी, घेराबंदी एवं तलाशी अभियान और कॉम्बैट इंजीनियरिंग से जुड़े अभ्यास होंगे।

इस दौरान टोही और निगरानी के लिए मानव रहित हवाई प्रणाली (UAS) के इस्तेमाल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा दुश्मन के ड्रोन का पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने के लिए काउंटर-अनमैन्ड एरियल सिस्टम (C-UAS) क्षमताओं का भी अभ्यास किया जाएगा।

संयुक्त सत्यापन अभ्यास के साथ होगा समापन

अभ्यास के अंतिम चरण में संयुक्त सत्यापन अभ्यास आयोजित किया जाएगा। इसमें आतंकवाद-रोधी अभियान से जुड़ी एक काल्पनिक स्थिति तैयार कर दोनों देशों के सैनिक संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगे। इस दौरान जमीनी अभियानों, एकीकृत निगरानी और मानव रहित प्रणालियों के समन्वित इस्तेमाल की क्षमता का परीक्षण किया जाएगा।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ‘हरिमऊ शक्ति-VI’ दोनों सेनाओं को अपनी रणनीतियां, तकनीक और कार्यप्रणाली साझा करने का अवसर देगा। इससे भारत और मलेशिया की सेनाओं के बीच आपसी समझ और परिचालन तालमेल बेहतर होगा। साथ ही दोनों देशों के रक्षा सहयोग और द्विपक्षीय सैन्य संबंधों को मजबूती मिलने के साथ क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता को भी बढ़ावा मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button