
मुख्यमंत्री धामी की घोषणा के तहत परियोजना पर तेज हुई कार्रवाई, 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित; श्रद्धालुओं को मिलेगी जाम और पार्किंग की समस्या से राहत
पौड़ी। उत्तराखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां धारी देवी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही बेहतर पार्किंग सुविधा मिल सकती है। मंदिर के समीप करीब 100 वाहनों की क्षमता वाली आधुनिक दो मंजिला पार्किंग बनाने की योजना पर प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत प्रस्तावित इस परियोजना के लिए 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित कर ली गई है।
चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्वों के दौरान मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में सड़क किनारे अनियोजित पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित होता है। प्रस्तावित पार्किंग बनने से इस समस्या को कम करने और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित वाहन पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कलियासौड़ में चिह्नित की गई भूमि
जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के अनुसार, पार्किंग निर्माण के लिए ग्राम कलियासौड़, पट्टी चलणल्यूं, तहसील श्रीनगर में कुल 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। यह स्थान ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के बाईं ओर श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के समीप स्थित है।
चिह्नित भूमि का जीआईएस के माध्यम से भू-सर्वेक्षण भी पूरा किया जा चुका है। सर्वेक्षण में निर्धारित शर्तों के तहत इस भूमि को पार्किंग निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है।
20 गुणा 70 मीटर क्षेत्र में बनेगी पार्किंग
प्रस्तावित योजना के अनुसार करीब 20 मीटर गुणा 70 मीटर क्षेत्र में दो मंजिला पार्किंग विकसित की जाएगी। इसमें लगभग 100 ईसीएस यानी इक्विवेलेंट कार स्पेस की क्षमता होगी। इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करने की सुविधा मिल सकेगी।
भूमि हस्तांतरण के लिए एनओसी जरूरी
परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए अभी कुछ महत्वपूर्ण औपचारिकताएं पूरी होनी बाकी हैं। चिह्नित भूमि अभिलेखों में श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज है और वर्तमान में इसका प्रबंधन अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड, श्रीनगर के पास है। भूमि हस्तांतरण के लिए संबंधित कंपनी से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करना आवश्यक है।
एनओसी मिलने के बाद भूमि को जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के पक्ष में हस्तांतरित करने की प्रक्रिया प्रस्तावित है। इसके साथ ही कार्यदायी संस्था के चयन की कार्रवाई भी आगे बढ़ाई जा रही है। संस्था नामित होने के बाद पार्किंग का आर्किटेक्चरल डिजाइन तैयार कराया जाएगा। इसके बाद मान्यता प्राप्त स्ट्रक्चरल इंजीनियर से संरचनात्मक डिजाइन बनवाया जाएगा, ताकि निर्माण में सुरक्षा और तकनीकी मानकों का ध्यान रखा जा सके।
श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा
मां धारी देवी मंदिर उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक आस्था केंद्रों में शामिल है। यहां वर्षभर श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है, जबकि चारधाम यात्रा के दौरान वाहनों का दबाव और बढ़ जाता है। ऐसे में आधुनिक पार्किंग सुविधा विकसित होने से मंदिर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में परियोजना से जुड़ी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर श्रद्धालुओं की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाना है। प्रस्तावित पार्किंग इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



