उत्तराखंड

एंबुलेंस के इंतजार में तीन घंटे तड़पता रहा मरीज, अल्मोड़ा ले जाते समय रास्ते में मौत; विरोध में कपकोट बाजार बंद

बागेश्वर। कपकोट क्षेत्र में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की गंभीर तस्वीर सामने आई है। तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचे 50 वर्षीय रमेश चंद्र तिरुवा को चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन उन्हें समय पर एंबुलेंस नहीं मिल सकी। परिजनों को करीब तीन घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार करना पड़ा। इसके बाद अल्मोड़ा ले जाते समय कोसी के पास एंबुलेंस में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद कपकोट क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। विरोध में व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति नाराजगी जताई।

जानकारी के अनुसार, कपकोट तहसील रोड पर जनरल स्टोर चलाने वाले रमेश चंद्र तिरुवा बुधवार को रोजाना की तरह दुकान पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर कर दिया।

परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए अल्मोड़ा जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस दौरान मरीज को अल्मोड़ा ले जाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था करने में काफी समय लग गया।

तीन घंटे इंतजार के बाद मिली एंबुलेंस

पूर्व सभासद तनुज तिरुवा के अनुसार, मरीज को अल्मोड़ा ले जाने के लिए समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाई। परिजनों को करीब तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। आखिरकार एंबुलेंस मिलने के बाद शाम करीब साढ़े छह बजे रमेश को लेकर रवाना हुए, लेकिन कोसी के पास पहुंचते ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

108 एंबुलेंस सेवा के बागेश्वर जिला प्रभारी सौरव कठायत ने बताया कि जिले में कुल 10 एंबुलेंस संचालित हैं, जिनमें से दो खराब होने के कारण खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि खराब वाहनों की मरम्मत कराई जाएगी। जिला मुख्यालय में उस समय एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी, इसलिए बनलेख से वाहन मंगाना पड़ा। इसी वजह से एंबुलेंस पहुंचने में देरी हुई।

व्यापारियों ने बंद रखे प्रतिष्ठान, स्वास्थ्य व्यवस्था पर जताया आक्रोश

रमेश चंद्र तिरुवा की मौत के बाद गुरुवार को कपकोट के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में शोक के साथ नाराजगी भी देखने को मिली। घटना के विरोध में व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। सरयू और खीरगंगा के संगम पर रमेश का अंतिम संस्कार किया गया।

उनकी अंतिम यात्रा में विधायक सुरेश गड़िया, नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश सिंह ऐठानी और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट समेत कई जनप्रतिनिधि, व्यापारी और स्थानीय लोग शामिल हुए।

पर्याप्त एंबुलेंस और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जिले में एंबुलेंस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, खराब वाहनों की तत्काल मरम्मत कराने और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने की मांग उठाई है।

लोगों का कहना है कि पर्वतीय क्षेत्रों में अस्पतालों की दूरी और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां पहले ही मरीजों के लिए बड़ी चुनौती हैं। ऐसे में गंभीर मरीजों को समय पर एंबुलेंस नहीं मिलना स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button