उत्तराखंड

जमीन विवाद में नाम घसीटे जाने पर भड़कीं दीप्ति रावत, बोलीं- सम्मान के लिए जाऊंगी कोर्ट

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दी सफाई, कहा- जमीन हड़पने के आरोपों से मेरा और परिवार का कोई लेना-देना नहीं

देहरादून। जमीन विवाद को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं में पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत की पत्नी दीप्ति रावत का नाम जोड़े जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और पूर्व महिला आयोग सदस्य दीप्ति रावत ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर एक जमीन विवाद में शामिल महिला को डॉ. हरक सिंह रावत की पत्नी बताया जा रहा है, जिससे उन्हें और उनके परिवार को मानसिक पीड़ा पहुंची है। उन्होंने कहा कि अपने सम्मान की रक्षा के लिए वह न्यायालय की शरण लेंगी।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दीप्ति रावत ने कहा कि एक व्यक्ति यह आरोप लगा रहा है कि डॉ. हरक सिंह रावत की पत्नी ने उसकी जमीन हड़प ली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह हरक सिंह रावत की पत्नी हैं, लेकिन उन्होंने किसी की जमीन नहीं हड़पी है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि जमीन विवाद में शामिल महिला का उनसे कोई संबंध नहीं है, तो उसे डॉ. हरक सिंह रावत की पत्नी बताकर उनका नाम क्यों जोड़ा जा रहा है।

दीप्ति रावत ने कहा कि यदि कोई महिला खुद को डॉ. हरक सिंह रावत की पत्नी बताकर इस तरह के दावे कर रही है, तो उसे अपने दावों के समर्थन में पूरे तथ्य सामने रखने चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर बिना तथ्यों के किसी का नाम जोड़कर भ्रामक जानकारी फैलाने पर आपत्ति जताई।

उन्होंने कहा कि इस तरह की खबरों और आरोपों से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है और परिवार को भी मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दीप्ति रावत ने स्पष्ट किया कि वह अपने सम्मान के लिए झूठे आरोपों और भ्रामक प्रचार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगी और न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button