
खटीमा (ऊधमसिंह नगर): उत्तराखंड के खटीमा नगर से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां देवभूमि कॉलोनी में रहने वाली 65 वर्षीय महिला की बुधवार रात सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। महिला के सिर पर गंभीर चोट और गले पर कट का निशान मिला है।

मृतका की पहचान जानकी (65), पत्नी स्वर्गीय हरीश चंद के रूप में हुई है। उनका बेटा सूरज बंगाल इंजीनियर कोर में नायक के पद पर जालंधर में तैनात है, जबकि उनकी दो बेटियां पूनम और सुमन विवाहित हैं।
फोन नहीं उठाने पर हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम बेटी पूनम ने अपनी मां को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद पूनम ने अपने भाई सूरज को जानकारी दी। सूरज ने भी कई बार फोन मिलाया, पर जवाब नहीं मिला।
सूरज ने परिचितों को घर जाकर देखने को कहा। जब परिचित घर पहुंचे और आवाज लगाई तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद सूरज को वीडियो कॉल कर घर का ताला तोड़ा गया। अंदर जानकी जमीन पर पड़ी थीं और उनके सिर पर चोट के गंभीर निशान थे।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
सूचना मिलने पर रात करीब 12 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया । गुरुवार को पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, हालांकि अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
हत्या की आशंका
ऊधमसिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।



