
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर जारी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील मामले में कुछ लोग राजनीति कर रहे हैं, जबकि सरकार शुरू से ही अंकिता को न्याय दिलाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है।
मंगलवार को कैंट रोड स्थित अपने कैंप कार्यालय में एकल महिला स्वरोजगार योजना के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने इस मामले पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि सरकार किसी भी अपराधी को बचाने का काम नहीं करेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
“असली पीड़ित अंकिता के माता-पिता”
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में दिवंगत अंकिता के माता-पिता की भावनाओं का सम्मान करते हुए सीबीआई जांच शुरू कराई गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले में असली पीड़ित केवल अंकिता के माता-पिता हैं, बाकी लोग राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग, जिन पर खुद जांच की नौबत आई थी, वे भी अब सीबीआई पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि जनता उनकी हकीकत जान चुकी है।
सरकार की कार्रवाई का ब्योरा
सीएम धामी ने कहा कि मामला सामने आते ही सरकार ने तत्काल कार्रवाई की।आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।महिला आईपीएस अधिकारी की अध्यक्षता में एसआईटी गठित की गई।करीब एक हजार पन्नों की रिपोर्ट कोर्ट में पेश की गई।वर्तमान में तीन आरोपी जेल में हैं। उन्होंने कहा कि अब वीआईपी एंगल की जांच सीबीआई द्वारा की जा रही है और जनता को थोड़ा धैर्य रखना चाहिए।
“दूध का दूध, पानी का पानी होगा”
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि जांच में कोई भी व्यक्ति—चाहे वह वीआईपी हो या कोई अन्य—दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से भावुक अपील करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं के मान-सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।


