हरेला पर्व पर पूर्व सैनिक करें दो लाख पौधों का रोपण : मंत्री गणेश जोशी

हरेला पर्व पर पूर्व सैनिक करें दो लाख पौधों का रोपण : मंत्री गणेश जोशी
देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेशभर के पूर्व सैनिकों से आह्वान किया है कि वे इस हरेला पर्व पर पर्यावरण संरक्षण में अग्रणी भूमिका निभाएं और राज्यभर में दो लाख पौधे रोपित करें। इस संबंध में मंत्री जोशी ने पूर्व सैनिकों के साथ एक बैठक कर वृक्षारोपण अभियान में सहभागिता को लेकर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक पर्व हरेला को केवल सांस्कृतिक पर्व न मानते हुए इसे हरियाली और पर्यावरण जागरूकता का सशक्त माध्यम बनाया जाए। इस बार हरेला पर्व पर पूर्व सैनिकों द्वारा प्रदेशभर में दो लाख से अधिक पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया है।
मंत्री जोशी ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत 16 जुलाई को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण का, बल्कि सामाजिक चेतना और राष्ट्र सेवा का प्रतीक भी बनेगा।
मंत्री ने कहा कि पूर्व सैनिकों ने जिस समर्पण से देश की रक्षा की है, अब उसी भाव से वे प्रकृति की रक्षा में भी आगे आए हैं। उन्होंने इसे हरित क्रांति का रूप देने का आह्वान करते हुए पूर्व सैनिकों से व्यापक वृक्षारोपण का संकल्प लेने को कहा।
इस बैठक में सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल (सेनि.) रघुवीर सिंह भंडारी, कर्नल (सेनि.) रविन्द्र सिंह रांगड़ा, पीबीआरओ अध्यक्ष शमशेर सिंह बिष्ट, सूबेदार राकेश प्रसाद, हवलदार विक्रम सिंह, सोबन सिंह रावत, जसपाल और राजे सिंह रावत सहित कई पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।